फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ी: जन्माष्टमी कार्यक्रम में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

सुनील कुमार Updated Tue, 08 Sep 2026 05:41 PM IST

रेवाड़ी। गांव बोडिया कमालपुर के मंदिर में जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान अवैध हथियारों से हवाई फायरिंग करने, ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी देने और दहशत फैलाने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गांव बोडिया कमालपुर निवासी प्रमोद उर्फ सोनू, गांव मांढिया खुर्द निवासी विकास उर्फ चिकू, संजीत उर्फ बचिया व धर्मेंद्र उर्फ शोले है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने मामले की जांच सीआईए रेवाड़ी इंचार्ज निरीक्षक संजय कुमार को सौंपी थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र उर्फ शोले के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी बरामद कर ली है। मंगलवार को पुलिस टीम चारों आरोपियों को घटनास्थल की निशानदेही के लिए मौके पर लेकर गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से आरोपी संजीत उर्फ बचिया और धर्मेंद्र उर्फ शोले को जेल भेज दिया गया है। वहीं, अवैध हथियारों की बरामदगी व गहन पूछताछ के लिए मुख्य आरोपी प्रमोद उर्फ सोनू और विकास उर्फ चिक्कू को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। --------------------- आरोपियों का आपराधिक इतिहास: सीआईए इंचार्ज निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से तीन आरोपी बेहद शातिर और आदतन अपराधी हैं। प्रमोद उर्फ सोनू के खिलाफ पहले भी थाना खोल, जाटूसाना व सदर रेवाड़ी में हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, पोक्सो एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत 8 संगीन मामले दर्ज हैं। विकास उर्फ चिक्कू के खिलाफ थाना जाटूसाना, रामपुरा, खोल, शहर रेवाड़ी व सदर रेवाड़ी में हत्या, छीना-झपटी, रंगदारी, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। संजीत उर्फ बचिया के खिलाफ थाना सदर रेवाड़ी में एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के 2 मामले दर्ज हैं। --------------------- अवैध पिस्तौल से ताबड़तोड़ हवाई फायर किए: एसपी कार्यालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गांव बोडिया कमालपुर निवासी पूर्व सैनिक एवं मंदिर कमेटी के सदस्य अभय सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि 4-5 सितंबर की रात को उनके गांव के मंदिर परिसर में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में मटकी फोड़ कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इसी दौरान सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आए चार आरोपियों में से प्रमोद उर्फ सोनू और विकास उर्फ चिक्कू ने अपने हाथों में लिए अवैध पिस्तौल से ताबड़तोड़ हवाई फायर किए। इसके बाद आरोपी अगले दिन का कार्यक्रम न होने देने और बीच में आने वाले को जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया था। -------------------

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें