बावल। औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-5 स्थित डीबीजी कंपनी के स्क्रैप यार्ड में मंगलवार को भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से यार्ड में रखा स्क्रैप का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर फायर विभाग की टीम और बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि दशहरे की छुट्टी होने के कारण कंपनी में कर्मचारी मौजूद नहीं थे। ऐसे में घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। डीबीजी कंपनी में मोबाइल फोन बनाए जाते हैं। दशहरे के अवसर पर कंपनी में कर्मचारियों की छुट्टी थी। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे कंपनी के स्क्रैप यार्ड में अचानक आग लग गई। शुरुआत में किसी को इसकी जानकारी नहीं हुई, लेकिन कुछ देर बाद यार्ड से धुआं उठने लगा। वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड की नजर धुएं पर पड़ी तो उसने तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद कंट्रोल रूम के माध्यम से दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। स्क्रैप यार्ड में आग फैलने के कारण उसे नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे तक प्रयास करने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ----------------- स्क्रैप का सामान जला, बड़ा नुकसान टला आग से स्क्रैप यार्ड में रखा सामान जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की टीमों ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग को नियंत्रित किया, जिससे नुकसान को बढ़ने से रोकने में मदद मिली। छुट्टी होने के कारण परिसर में कर्मचारियों की मौजूदगी नहीं थी, इसलिए किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। ------------------