पानीपत। नगर निगम की टीम ने ड्रेन नंबर-1 के साथ बने कब्जों को हटाने की बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। मिनी बाईपास के निर्माण के लिए निगम ने स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया है। इसमें ड्यूटी मजिस्ट्रेट गोपाल कलावत और संयुक्त आयुक्त मनी त्यागी की अगुवाई में दोपहर ढाई बजे कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान निगम ने सेक्टर-11 में स्थित अपने पार्क की दीवार, एक झुग्गी, एक मकान की चहारदीवारी और गली में बनी दीवार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान टीम को स्थानीय लोगों के हल्के विरोध का सामना भी करना पड़ा, जिसे मौके पर मौजूद पुलिसबल की सहायता से शांत करा दिया गया। नगर निगम ने ड्रेन के साथ अवैध निर्माण करने वाले 237 कब्जाधारियों को पहले ही नोटिस जारी कर दिए हैं। बाईपास निर्माण को सुगम बनाने के लिए निगम प्रशासन ने व्यापक पुलिस सुरक्षा मांगी थी, ताकि आगे भी अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के जारी रखी जा सके।