पंचकूला सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम के पीछे सोमवार देर रात पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने टीम पर तीन से चार राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच सेक्टर-2 की टीम ने भी गोलियां चलाईं। इसमें दोनों आरोपियों के पांव में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात क्राइम ब्रांच सेक्टर-2 की टीम को सूचना मिली थी कि बाइक सवार दो आरोपी पंचकूला में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हो गई और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान दोनों आरोपी ताऊ देवीलाल स्टेडियम के पीछे वाली सड़क पर बाइक से जाते दिखाई दिए।