पलवल सहकारी चीनी मिल के पेराई सत्र 2026-27 का सोमवार को खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पलवल शुगर मिल दक्षिण हरियाणा के पलवल, फरीदाबाद, नूंह और गुरुग्राम जिलों के गन्ना किसानों से जुड़ी हुई है। पिछले पेराई सत्र में मिल में 24 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई हुई थी, जबकि इस वर्ष मिल क्षेत्र में 20,692 एकड़ में गन्ने की फसल है। किसानों ने 41.65 लाख क्विंटल गन्ने की बॉन्डिंग करवाई है और मिल को करीब 27 लाख क्विंटल गन्ना मिलने की उम्मीद है। मंत्री ने किसानों से साफ-सुथरा गन्ना मिल में पहुंचाने और समय पर कटाई के लिए श्रमिकों की व्यवस्था करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को गन्ने का भुगतान समय पर सुनिश्चित करेगी। पलवल शुगर मिल गन्ने की रिकवरी के मामले में प्रदेश में पहले स्थान पर रही है और आगे भी इस उपलब्धि को बरकरार रखने का प्रयास किया जाएगा।