पलवल। शहर में अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। श्री सनातन धर्म सभा एवं दशहरा कमेटी की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में राम-रावण युद्ध की लीला के मंचन के बाद रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि रहे। समिति की ओर से 78वें दशहरा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।