महेंद्रगढ़। शहर स्थित नगर पालिका कार्यालय में बुधवार को सफाई कर्मचारियों व दमकल विभाग कर्मचारियों ने सरकार की ओर से जारी यूनियन प्रधान को हटाने और अन्य कर्मचारियों के सस्पेंशन आदेशों की प्रतियां जलाकर विरोध जताया। सफाई कर्मचारी प्रधान पूर्ण कुमार जबकि दमकल कर्मचारी प्रधान रामसिंह ने कहा कि सरकार ने आंदोलनकारियों पर दमन की नीति अपनाते हुए फायर ब्रिगेड विभाग के कच्चे कर्मचारियों को नौकरी से हटाने, रेगुलर कर्मचारियों को निलंबित और अनेक रेगुलर कर्मचारी नेताओं की सेवाएं समाप्त करने के आदेश जारी किए हैं। यह कर्मचारियों के साथ अन्याय है और उनके हकों का हनन भी है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी 28 दिन से हड़ताल कर रहे हैं और अब सरकार मांगों को मानने की बजाय उनको हटाने का फरमान सुना रही है। उन्होंने सरकार से आदेश वापस लेने और कर्मचारियों की मांगे पूरी करने का आह्वान किया।