फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम आवास का घेराव करने जा रहे अतिथि अध्यापकों की बस पुलिस ने रोकी

महेंद्रगढ़। अतिथि अध्यापकों की मांगों के समर्थन में कुरुक्षेत्र स्थित मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे सर्व कर्मचारी संघ और अतिथि अध्यापकों को पुलिस ने गांव सिगड़ी के पास रोक लिया। पुलिस ने कर्मचारियों को ले जा रही बस को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया और सभी कर्मचारियों को बस से उतारकर सिगड़ी बस स्टैंड पर छोड़ दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज कर्मचारियों ने मौके पर ही सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। कर्मचारियों ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को उठाने के लिए जा रहे कर्मचारियों को रोकना उचित नहीं है। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान कौशल कुमार यादव ने बताया कि संघ अतिथि अध्यापकों के समर्थन में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने कुरुक्षेत्र जा रहा था। नारनौल से कर्मचारियों को लेकर बस रवाना हुई थी। जब बस गांव सिगड़ी के पास पहुंची तो पुलिस ने उसे रास्ते में ही रुकवा लिया। इसके बाद बस को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया गया और कर्मचारियों को बस से उतारकर बस स्टैंड पर छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि सर्व कर्मचारी संघ इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करता है। अतिथि अध्यापक लंबे समय से सरकारी स्कूलों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी नियमितीकरण की मांग अभी तक पूरी नहीं हुई है। यदि सरकार ने अतिथि अध्यापकों को नियमित नहीं किया तो संघ पूरे हरियाणा में आंदोलन तेज करेगा। उन्होंने बताया कि आगामी 12 तारीख को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली में भी अतिथि अध्यापकों और अन्य कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। अतिथि अध्यापक सुनील कुमार ने बताया कि वे पिछले 21 वर्षों से सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं। उनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट से उनके नियमितीकरण के पक्ष में फैसले आने के बावजूद हरियाणा सरकार ने स्पीकिंग ऑर्डर जारी कर दिया। इसी के विरोध में अतिथि अध्यापक मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने कुरुक्षेत्र जा रहे थे। उन्होंने कहा कि अतिथि अध्यापकों ने अपने जीवन के बहुमूल्य 21 वर्ष सरकारी स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने में लगाए हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों जैसी सुरक्षा और भविष्य की निश्चितता नहीं मिल पाई है। इससे अध्यापकों के साथ उनके परिवार भी प्रभावित हो रहे हैं। सरकार को उनकी वर्षों की सेवाओं को देखते हुए नियमितीकरण की मांग पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए, ताकि उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित हो सके। प्रदर्शन के दौरान कौशल कुमार, सुरेश कुमार, जुगनू, प्रमोद यादव, सुनील कुमार, मोहनलाल, शैलेंद्र और होशियार सिंह सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें