नारनौल। नारनौल अलवर-बहरोड़ स्टेट हाइवे 14 पर स्थित सोडावास में साबी नदी पर बना पुराना जर्जर पुल पर करीब एक माह से बंद आवागमन अब वापस से सुचारू हो गया है। सोडावास और कारोड़ा के बीच स्थित साबी नदी के पुल की मरम्मत में लगभग 1 करोड़ की अनुमानित लागत आई है। पुल पर आवागमन बंद होने के कारण वैकल्पिक मार्ग से गुजर रही रोडवेज बसें देरी से अपने गंतव्य पर पहुंच रही थीं, अब इसके ठीक हो जाने के बाद बसें अपने निर्धारित समय पर आ जा रहीं हैं। अलवर की जिला कलेक्टर ने बताया कि राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने पुल की मरम्मत का काम 20 जुलाई को शुरू किया था, जो लगभग एक महीने तक चला। लगभग 36 साल पुराने जर्जर हो चुके इस पुल की सुरक्षा बढ़ाने के लिए इसके 8 मुख्य जॉइंट्स की मरम्मत की गई और उन पर मैस्टिक कोट चढ़ाकर उन्हें मजबूत किया गया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद 31 अगस्त को सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन के लिए पुल को दोबारा खोल दिया गया, जिससे वाहन चालकों को नदी के संकरे वैकल्पिक रास्ते से निजात मिली है।