नारनौल। बार एसोसिएशन चुनाव को प्रधान, उप प्रधान, सचिव व लाइब्रेरियन पद पर मतदान शुरू हो गया है। मतदान को लेकर वकीलों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। 2:00 बजे तक 50% मतदान हो चुका है। प्रधान पद के लिए जहां त्रिकोणीय मुकाबला बना हुआ है, वहीं उप प्रधान पद के लिए दो महिला अधिवक्ता आमने सामने हैं। साथ ही सचिव पद पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है और लाइब्रेरियन पद भी दो नए चेहरे पहली बार आमने सामने हैं। इन सभी पदों पर खड़े 10 उम्मीदवारों के भाग्य को फैसला 1020 वकील मतदान के माध्यम से करेंगे। मतदान प्रक्रिया शाम 4 बजे तक चलेगी और इसके बाद चुनाव अधिकारी मतगणना शुरू करेंगे। ऐसे में शाम 6 बजे तक सभी उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो जाएगा कि कौन जीता व किसको हार मिली। चुनाव के चलते शुक्रवार को जिला बार एसोसिएशन ने न्यायिक कार्याें से विरक्त रहने का निर्णय लिया है। हालांकि अति आवश्यक मामलों में प्राक्सी अधिवक्ताओं के रूप में परमिंद्र यादव, प्रदीप यादव, विकास सांगवान, कार्तिक यादव व चंद्रदेव यादव मौजूद रहेंगे।