नगर पालिका कनीना ओर से वीरवार को कस्बे में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह अभियान नगर पालिका प्रधान डॉ. रिंपी के दिशा-निर्देश में चलाया गया। अभियान के दौरान पालिका टीम ने अटेली टी-प्वाइंट, मंडी मोड़, तहसील गेट के सामने, बस स्टैंड, बाबा मोलड़नाथ चौक, सिटी थाना रोड सहित अन्य प्रमुख स्थानों से रेहड़ी, फड़ी व दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण को हटवाया। इस दौरान दुकानदारों में हड़कंप मच गया। नगर पालिका प्रधान डॉ. रिंपी ने बताया कि 35 दुकानदारों के 500 रुपये से लेकर 2000 रुपये के चालान किए गए। तीन दिन से मुनादी करवाई जा रही है कोई भी अतिक्रमण करता दिखेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका सचिव कपिल कुमार ने बताया कि पहले भी दुकानदारों व रेहड़ी-फड़ी संचालकों को चेतावनी दी गई थी। लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग नियमों का उल्लंघन करते हुए बाजार में अतिक्रमण कर रहे थे, जिससे आने-जाने का रास्ता संकरा हो गया था। उन्होंने कहा कि बाजार की सुंदरता खराब करने वाले अवैध होर्डिंग भी हटाए गए हैं व दुकानों के बाहर रखा गया सामान अंदर करवाया गया है। कपिल कुमार ने साफ कहा कि भविष्य में यदि कोई दुकानदार या रेहड़ी संचालक तय सीमा से आगे सामान रखकर रास्ता बाधित करता पाया गया तो उसके खिलाफ चालान किया जाएगा व सामान जब्त किया जाएगा।