करनाल। कर्ण उत्सव की तैयारियों को लेकर शनिवार को महाराजा अग्रसेन भवन में नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (निफा) की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता विधायक जगमोहन आनंद ने की। उन्होंने कहा कि कर्ण उत्सव को भव्य रूप से मनाया जाएगा। अगले वर्ष से इस उत्सव का आयोजन पांच दिन तक और करनाल के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में किया जाएगा। उत्सव को यादगार बनाने के लिए तैयारियों में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, सभी विधायकों के साथ विपक्ष के सभी नेताओं को न्यौता दिया जाएगा, क्योंकि ये कार्यक्रम भाजपा का नही है पूरे समाज का है। बैठक में निफा के संस्थापक अध्यक्ष प्रितपाल सिंह पन्नु ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी संदेश भेजकर कर्ण उत्सव की सफलता और इस अवसर पर करनाल के इतिहास पर प्रकाशित होने वाली पुस्तक के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने बताया कि उत्सव में लाइट एंड साउंड ड्रामा एक और कौन्तेय के अलावा भारत के लोक नृत्य और बॉलीवुड गायक अरविंद सिंह राजपूत की गीत-संगीत प्रस्तुतियां मुख्य मंच का आकर्षण रहेंगी। वहीं, ओपन मंच के माध्यम से करनाल की स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। करनाल के इतिहास पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी आयोजन का विशेष आकर्षण रहेगी। बैठक में जेबीडी के एमडी भारत भूषण कपूर, निफा संयोजक एडवोकेट नरेश बराना, उपाध्यक्ष परमजीत सिंह आहुजा, प्रदेश अध्यक्ष श्रवण शर्मा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी से भूपिंदर सिंह, जिला प्रधान हितेश गुप्ता, राजन लांबा, कृष्ण अरोड़ा, सीमा भारद्वाज, हरमीत सिंह हैप्पी, दिनेश गौकर्ण, रजनीश चोपड़ा, आकृषर्ण उप्पल और जितेंद्र अहलावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया और आयोजन को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।