कैथल। आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से थाना सिविल लाइन प्रभारी इंस्पेक्टर गीता की अगुवाई में सेक्टर 19-20 में विशेष पैदल गश्त की गई। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण ने बताया कि इस दौरान करीब 30 पुलिस कर्मचारियों की टीम ने पूरे दोनो सेक्टर की मार्केट सहित अन्य जगह का दौरा किया। पुलिस टीम की मौजूदगी से शहर वासियों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ तथा असामाजिक तत्वों में भय पैदा हुआ। गश्त के दौरान पुलिस टीम द्वारा आमजन को नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया गया। लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास भी नशे को बढ़ावा न दें। साथ ही युवाओं को विशेष रूप से नशे से बचने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए तथा यातायात नियमों की पालना करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि नशे का अवैध कारोबार करने वाले व्यक्तियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बिना नंबर की 2 बाइक भी इपाउंड की गई। इंस्पेक्टर गीता ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशे की खरीद-फरोख्त या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।