फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैथल: ऑपरेशन प्रहार में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा, चार दिन में 985 चालान

कैथल। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर जिला पुलिस ने चार दिन तक ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाकर शिकंजा कस दिया। 9 से 12 सितंबर तक चले विशेष अभियान में जिलेभर में 18 नाके लगाकर वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के 985 चालान किए और 476 वाहनों को इंपाउंड कर दिया। इनमें बिना नंबर प्लेट के चल रहे 121 वाहन भी शामिल हैं। पुलिस महानिदेशक हरियाणा अजय सिंगल के आदेश और एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर चलाए गए अभियान में सभी थाना प्रबंधक, चौकी प्रभारी और क्यूआरटी टीमें मैदान में उतरीं। पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में नाकाबंदी कर वाहनों के दस्तावेज, नंबर प्लेट और यातायात नियमों की जांच की। चोरी की चार बाइक भी पकड़ीं अभियान के दौरान चौकी रामथली प्रभारी एएसआई राजेश की टीम ने दो आरोपियों को काबू कर उनके कब्जे से चार चोरीशुदा बाइक बरामद कीं। जांच में एक बाइक नरवाना, जिला जींद और तीन बाइक पंजाब से चोरी की हुई मिलीं। पुलिस अब आरोपियों से बाइक चोरी से जुड़े अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है। डीएसपी कैथल रमेश चंद्र ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, निर्धारित नंबर प्लेट लगाने और वाहन के दस्तावेज पूरे रखने की अपील की। अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन न देने का आग्रह किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें