जिले में अवैध शराब और नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेश पर मंगलवार को थाना शहर पुलिस ने इंस्पेक्टर सतपाल सिंह के नेतृत्व में डेरा गरजा सिंह में सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने डेरा गरजा सिंह निवासी सुखविंद्र सिंह को काबू किया। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी के घर की छत पर रखी एक टंकी से शराब तैयार करने के लिए रखा करीब 650 लीटर लाहण बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद लाहण को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। पहले भी घर से मिली थी अवैध शराब पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर को भी डेरा गरजा सिंह में सर्चिंग अभियान चलाया गया था। उस कार्रवाई के दौरान सुखविंद्र सिंह के घर के फर्श के नीचे दबाई गई एक टंकी से 500 लीटर लाहण बरामद हुआ था। इसके अलावा एक प्लास्टिक की केनी से 5 बोतल हथकड़ी शराब भी मिली थी। चार प्राथमिकी पहले से दर्ज पुलिस के अनुसार, सुखविंद्र सिंह के खिलाफ शराब तस्करी के चार मामले पहले से दर्ज हैं। लगातार दूसरी कार्रवाई में उसके घर से लाहण बरामद होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।