जींद। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय जींद में कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसपी उपासना आईपीएस के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। सभी ने देश की एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डीएसपी जींद विपिन अहलावत, डीएसपी मुख्यालय संदीप कुमार सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा गुप्तचर शाखा जींद के जिला प्रभारी निरीक्षक रामनिवास ने अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। रियासतों का एकीकरण कर मजबूत भारत की रखी नींव एसपी उपासना ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और अदम्य साहस के बल पर देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक मजबूत राष्ट्र बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनका जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का स्मरण कराने का अवसर है। पुलिस विभाग का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून व्यवस्था तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने तथा देश की सेवा में सदैव तत्पर रहने की शपथ दोहराई।