जींद। हरियाणवी गायिका अन्नु सैनी ने कहा कि प्रदेश में बढ़ रहे गन और गंद कल्चर को रोकने के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। खासकर कलाकार और गायक युवाओं पर गहरा प्रभाव डालते हैं, इसलिए उन्हें ऐसे गीत तैयार करने चाहिए, जिनसे युवाओं को सकारात्मक संदेश मिले और वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें। अन्नु सैनी शुक्रवार को हिंदू कन्या कॉलेज में आयोजित टेलेंट शो में पहुंचीं थी। उन्होंने कहा कि सरकार भी गन और गंद कल्चर पर रोक लगाने के लिए काम कर रही है। समाज और खाप भी इन कुरीतियों को खत्म करने की मांग उठा रहे हैं। ऐसे में गायकों को भी इस मुहिम में सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कहा कि गायक समाज के लिए आदर्श माने जाते हैं और उनके गीतों का युवाओं पर सीधा प्रभाव पड़ता है। इसलिए मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी गीतों का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी इस दिशा में पहल कर रही हैं और युवाओं को प्रेरणा देने वाले गीत बनाने का प्रयास कर रही हैं। गीतों के माध्यम से नशे, हिंसा, हथियारों के प्रदर्शन और अश्लीलता से दूर रहने का संदेश युवाओं तक पहुंचाया जा सकता है। अन्नु सैनी ने कहा कि हिंदू कन्या कॉलेज में आकर उन्हें बेहद खुशी हुई। वह स्वयं इसी कॉलेज की छात्रा रही हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज में मिली शिक्षा और संस्कारों ने उन्हें समाज में अलग पहचान और सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शहर के सैनी मोहल्ले की रहने वाली अन्नु सैनी ने हरियाणवी संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। उनके कई गीत सोशल मीडिया पर ट्रेंड भी कर चुके हैं।