अमृत काल जागरूकता अभियान के तहत चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में 24 से 27 सितंबर तक चार दिवसीय निशुल्क जादुई शो होंगे। इनमें जादूगर शंकर सम्राट सीनियर और जूनियर जादुई करतबों से लोगों का मनोरंजन करने के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करेंगे। जादूगर सम्राट शंकर ने बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कई जादुई करतब प्रस्तुत कर पत्रकारों को भी हैरान कर दिया। उन्होंने बताया कि चारों दिन प्रतिदिन दो शो होंगे। पहला शो दोपहर बाद एक बजे और दूसरा शो शाम सात बजे शुरू होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के मनोरंजक और आकर्षक जादुई करतब प्रस्तुत किए जाएंगे। करतबों के बीच जागरूकता संदेश भी दिए जाएंगे, ताकि मनोरंजन के साथ लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों की जानकारी प्रभावी तरीके से पहुंचाई जा सके। कार्यक्रम में आमजन का प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा। 30 हजार से अधिक जादुई शो कर चुके हैं सम्राट शंकर जादूगर सम्राट शंकर ने बताया कि वह देश के कई राज्यों के अलावा विदेशों में भी जादू के करीब 30 हजार शो कर चुके हैं। अब जींद के लोगों के लिए पहली बार निशुल्क जादुई शो आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने शहरवासियों और आसपास के क्षेत्र के लोगों से परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की।