जुलाना: एशियन गेम्स में कबड्डी चैंपियनशिप में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी पूजा हथवाला के गांव पहुंचने पर भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर पूजा का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उसकी उपलब्धि पर खुशी जताई। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे मंत्री कृष्ण पंवार ने पूजा हथवाला को जीत की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूजा हथवाला हिंदुस्तान की शान है। उसने अपने काबिल खेल का प्रदर्शन करते हुए देश को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उसकी उपलब्धि से न केवल परिवार और गांव, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।मंत्री कृष्ण पंवार ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और लगन देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। हर नागरिक को विजेता टीम और देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का मान-सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलों में आगे बढ़ने के लिए युवाओं को लगातार मेहनत करनी चाहिए और सरकार की ओर से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। पूजा हथवाला के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उसका स्वागत किया और उसे बधाई दी। इस दौरान पूजा ने भी अपने समर्थकों और ग्रामीणों का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि पूजा की सफलता से गांव की बेटियों और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। इस मौके पर नपा चेयरमैन डॉ संजय जांगड़ा, जुलाना बारहा के प्रधान बसाऊ लाठर, पूर्व मंडल अध्यक्ष नीरज, राजबीर हथवाला आदि मौजूद रहे। फोटो कैप्शन: 1 जुलाना 03: पूजा हथवाला को सम्मानित करते मंत्री कृष्ण पंवार। संवाद