बेरी गेट क्षेत्र में शुक्रवार को क्रेशर से भरा एक ट्राला अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिस समय हादसा हुआ, उस समय आसपास कोई नहीं है। इससे बड़ा हादसा टल गया। ट्रॉला क्रेशर से भरा हुआ था और शहर के बीचोंबीच से गुजर रहा था। जैसे ही ट्राला पुराना हसिजा अस्पताल के पास पहुंचा तो उसका संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉला डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया जबकि क्लीनर मौके पर मौजूद मिला। क्लीनर ने बताया कि वह ट्राला में सो रहा था। उसे हादसे होने की जानकारी नहीं है। हादसे के लगभग तीन घंटे के बाद दो बुलडोजर बुलाकर ट्राला को डिवाइडर से उतारा गया और उसे साइड में किया गया। डिवाइडर पर ट्राला चढ़ने के कारण कई घंटे तक रोड वन-वे रहा। इस कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं शहर के अंदर से भारी और ओवरलोड वाहनों की लगातार आवाजाही जारी है। सुबह व शाम को ओवरलोड वाहन शहर के अंदर से गुजरते हैं, जिस कारण हादसा होने का खतरा हमेशा बना रहता है। इस तरफ पुलिस का भी कोई ध्यान नहीं है।