बादली। लोहट गांव के पंच विजय कुमार ने सरपंच जयकरण पर उनके फर्जी हस्ताक्षर कर ग्राम पंचायत के प्रस्ताव पारित करने का आरोप लगाया है। पंच ने मामले की शिकायत जिला उपायुक्त से की थी। शिकायत के बाद मंगलवार को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी सुमित बेनीवाल ने दोनों पक्षों को कार्यालय में बुलाकर उनके बयान दर्ज किए। पंच विजय कुमार का आरोप है कि उनकी जानकारी और मौजूदगी के बिना ग्राम सभा की बैठक में पारित प्रस्ताव पर उनके हस्ताक्षर किए गए। उन्होंने आरटीआई के माध्यम से प्रस्तावों और हस्ताक्षरों से संबंधित जानकारी मांगी थी। पंच का दावा है कि प्राप्त दस्तावेजों में उनके हस्ताक्षर दर्ज मिले, जबकि वह संबंधित ग्राम सभा की बैठक में मौजूद नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी हस्ताक्षरों के माध्यम से सरकारी धन के इस्तेमाल से संबंधित प्रस्ताव पारित किए जा रहे हैं। बीडीपीओ सुमित बेनीवाल ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। रिकॉर्ड व अन्य दस्तावेज मंगवाकर मामले की जांच की जा रही है।