झज्जर। धनतेरस पर नव पंख सोशल वेलफेयर सोसाइटी सेक्टर-6 में शिक्षा ग्रहण करने आने वाले जरूरतमंद बच्चों ने बेहद सुंदर और आकर्षक रंगोली बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। संचालक पंकज मलिक ने बताया कि संस्था में प्रतिदिन दो घंटे शिक्षा ग्रहण करने आने वाले छोटे-छोटे बच्चों ने वालेंटियर्स के सहयोग से अपने नन्हे हाथों से रंगोली में खूबसूरत रंग भरे। बच्चों के उत्साह और उनकी कलात्मक प्रतिभा ने इस अवसर को और भी खास बना दिया। संस्था का प्रयास केवल बच्चों को शिक्षित करना ही नहीं, बल्कि उनके जीवन में संस्कार, रचनात्मकता और आत्मविश्वास के रंग भरना भी है। संस्था पिछले छह वर्षों से जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार एवं कौशल विकास से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। जिस तरह नन्हे हाथों ने रंगोली में रंग भरकर उसे खूबसूरत बनाया, उसी तरह शिक्षा और संस्कार के रंग इन बच्चों के जीवन को सुंदर और उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाएंगे।