झज्जर। शहर के कच्चा बेरी रोड पर ट्रैक्टर की टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। एक ने मौके पर दम तोड़ दिया जबकि दूसरे ने पीजीआई रोहतक में दम तोड़ा। । दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। दोनों युवक दोस्त थे और गांव बुपनिया के रहने वाले थे। इस मामले में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बता दें कि बुधवार देर शाम को कच्चा बेरी रोड पर ट्रैक्टर व मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई थी। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन दोनों नागरिक अस्पताल झज्जर में लाया गया। इस दौरान डॉक्टर ने युवक 16 वर्षीय भरत कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे युवक यश की गंभीर हालत के चलते उसको रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जिसके बाद रोहतक पीजीआई में यश की मौत हो गई। एफआईआर के अनुसार गांव बुपनिया निवासी राजेश ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। उसका लड़का भरत कुमार पढ़ाई करता था। बुधवार को वह और उसकी पत्नी किसी काम से गांव से बाहर गए हुए थे, जिसके बाद उसका लड़का अपने दोस्त यश के साथ घर पर बिना बताए मोटरसाइकिल लेकर झज्जर चला गया। देर शाम को उसको उसके लड़के भरत व यश के ट्रैक्टर के साथ हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद वह ग्रामवासियों के साथ हादसा स्थल पर पहुंचा। इस दौरान मौके पर एक ट्रैक्टर मिला। इसके बाद वह ग्रामवासियों के साथ नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां पर उसके लड़के भरत का शव मिला। इस दौरान दूसरे लड़के यश को ज्यादा चोट होने के कारण रोहतक पीजीआई रेफर किया हुआ था, जिसके बाद यश की भी मौत होने की सूचना मिली।