झज्जर। दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में लूट व चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों रोबोट निवासी नजफगढ़, दिल्ली तथा तरुण निवासी प्रताप नगर, दिल्ली को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 31 अगस्त को बहादुरगढ़ में घर से मंदिर जा रही एक महिला से रास्ते में सोने की चेन झपटने की वारदात को अंजाम दिया था। एसीपी क्राइम शमशेर सिंह ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में बताया कि सीआईए-2 बहादुरगढ़ प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें बहादुरगढ़ शहर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई। उन्होंने बताया कि आरोपी रोबोट के खिलाफ लूट व चेन स्नेचिंग सहित 47 आपराधिक मामले दर्ज हैं जबकि आरोपी तरुण के खिलाफ लूट व चेन स्नेचिंग के 27 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा महिला से छीनी गई सोने की चेन को आरोपियों ने एक फाइनेंसर कंपनी को बेचे जाने के बाद उसकी रसीद भी बरामद की है। एसीपी क्राइम शमशेर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर अन्य वारदातों और आरोपियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।