फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर लौटीं सुरुचि फोगाट का झज्जर में भव्य अभिनंदन

झज्जर। हाल ही में एशियन गेम्स में 10 मीटर एयर पिस्टल के मिक्स टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीतकर झज्जर और हरियाणा का नाम रोशन करने वाली मेधावी निशानेबाज सुरुचि फोगाट का सोमवार को झज्जर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। जिला प्रशासन की ओर से डीसी वर्षा खांगवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मिकी ने लघु सचिवालय सभागार में सुरुचि इंद्र सिंह को शाल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें एपीसीपीएल की ओर से सीएसआर के अंतर्गत स्पोर्ट्स इक्विपमेंट भी प्रदान किए गए और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस बीच गोल्ड मैडल विजेता सुरुचि को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और खेल मंत्री गौरव गौतम, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने फोन पर बधाई देते जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इससे पहले जिला खेल अधिकारी सतेंद्र कुमार, माता सुदेश, दादी छोटा देवी, भाई निशांत व परिवार के अन्य सदस्यों ने दिल्ली एयरपोर्ट पर माला व पगड़ी पहनाकर उसका स्वागत किया। स्वागत देखकर सुरुचि की आंखों में आंसू आ गए। डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सुरुचि की उपलब्धि जिले के अन्य खिलाड़ियों, विशेषकर युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। गांव में तहसीलदार मातनहेल कृष्ण कुमार ने पुष्प गुच्छ भेंटकर अभिनंदन व स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी। भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मिकी ने कहा कि खेलों में प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए देश और प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार निरंतर खिलाड़ियों को खेलों की ओर प्रोत्साहित कर रही है। मां ने चुरमा बनाकर खिलाया, दादी बोली, आगे भी ऐसे ही जीतती रहे पोती सुरुचि की मां सुदेश ने कहा कि आज घर में सुरुचि फौगाट का मनपसंद भोजन दाल, चूरमा,मालपुडा व खीर बनाकर खिलाया। उन्होंने अन्य माता-पिता से भी बच्चों को खेलों के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेटियां बेटों से कम नहीं हैं और मेहनत का मौका मिलने पर वे देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं। सुरुचि की दादी छोटा देवी ने भी खुशी जताते हुए उसे ढेर सारा आशीर्वाद देते हुए कहा कि वह आगे भी इसी तरह मेहनत कर मेडल जीतती रहे। सुरुचि के छोटे भाई निशांत ने कहा कि बहन की उपलब्धि से पूरा परिवार बेहद खुश है। उसने कहा कि वह खुद भी शूटिंग खेलता है और उसका सपना है कि बहन की तरह वह भी देश के लिए मेडल जीतकर गांव और जिले का नाम रोशन करें।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें