बादली। गांव बामडोला में स्वर्गीय माता फूलवती का कारज धूमधाम और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। कारज का आयोजन रामनिवास नंबरदार और संजीव पहलवान की ओर से किया गया। कारज में गुलिया तीसा के सभी 30 गांवों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी गांवों के लोगों को पहले से अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं, जिन्हें सभी ने पूरी निष्ठा और आपसी सहयोग से निभाया। इस अवसर पर खाप के प्रधान विनोद गुलिया ढोल-नगाड़ों के साथ आयोजन स्थल पर आए। उनके साथ खाप के विभिन्न प्रधान और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। ढोल-नगाड़ों की गूंज और ग्रामीणों की उपस्थिति से पूरा माहौल भव्य और भावपूर्ण हो गया। कार्यक्रम में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों से आए हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। खाप के प्रधान विनोद गुलिया ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि गुलिया तीसा के सभी 30 गांवों की एकता और भाईचारा ही खाप की सबसे बड़ी ताकत है। आयोजकों ने कारज में पहुंचे सभी लोगों, खाप प्रधानों और सहयोग करने वाले ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।