फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रशासन को जगाने के लिए पालिका गेट पर डाला शहर का कूड़ा, मंदिर के पीछे कचरा डालने से गुस्साए लोग

बेरी। शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर लोगों का गुस्सा सोमवार को उस समय फूट पड़ा, जब गुस्साए पार्षदों और लोगों ने शहर से उठाए गए कूड़े से भरे ट्रैक्टर को नगर पालिका कार्यालय के गेट के बाहर खाली कर दिया। इस दौरान लोगों ने नगर पालिका अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर रोष जताया। लोगों का कहना था कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें मजबूर होकर यह कदम उठाना पड़ा। पार्षदों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पिछले करीब एक साल से शहर का कूड़ा माता मंदिर के पीछे डाला जा रहा है। इससे मंदिर के आसपास गंदगी का माहौल बना हुआ है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कूड़े के कारण दुर्गंध फैलने के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों और मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भी दिक्कत होती है। पार्षद नवदीप, जितेंद्र ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री स्वच्छ भारत का संदेश दे रहे हैं, वहीं बेरी नगर पालिका की ओर से शहर के कूड़े को पिछले करीब एक साल से माता मंदिर के पीछे डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार नगर पालिका अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। अधिकारियों को बार-बार शिकायत देने के बावजूद जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों ने प्रशासन को समस्या की गंभीरता का अहसास कराने के लिए कूड़े से भरा ट्रैक्टर नगर पालिका के गेट के बाहर खाली कर दिया। लोगों ने कहा कि बेरी का माता भीमेश्वरी देवी मंदिर विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। करीब एक सप्ताह बाद नवरात्रे शुरू होने वाले हैं और इस दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे समय में मंदिर के पीछे शहर का कूड़ा डाला जाना बेहद गंभीर विषय है। लोगों का कहना है कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के सामने भी शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर गलत संदेश जा रहा है। पार्षदों और लोगों ने कहा कि उन्होंने यह कदम किसी विवाद को बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि प्रशासन को जगाने और सफाई व्यवस्था की गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए उठाया है। उनका कहना है कि जब जिम्मेदार अधिकारियों को बार-बार शिकायत देने के बाद भी समाधान नहीं हुआ तो मजबूरन कूड़ा पालिका कार्यालय के गेट के बाहर डालना पड़ा। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि मंदिर के पीछे डाले जा रहे कूड़े को तुरंत हटाया जाए और शहर के कूड़े के निस्तारण के लिए उचित व्यवस्था की जाए। साथ ही भविष्य में धार्मिक स्थल और आबादी के आसपास कूड़ा न डाला जाए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों के समक्ष शिकायत करने के साथ-साथ आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। वर्जन माता मंदिर के पीछे पड़े कूड़े को उठाने के लिए टेंडर लगाया हुआ जोकि जल्द ओपन होगा। टेंडर होने के बाद समस्या का समाधान हो जाएगा। आमजन व श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नही होने दी जाएगी। रोहित लोहचब, कनिष्ठ अभियंता नगर पालिका बेरी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें