बहादुरगढ़। शहर के सेक्टर छह और पटेल नगर के बीच इंटरलॉकिंग टाईलों से बनाए जा रहे डिवाइडिंग रोड के निर्माण में लापरवाही की शिकायतों के बाद वार्ड 29 की वार्ड कमेटी ने मौके का निरीक्षण किया। पार्षद सत्यप्रकाश छिकारा के नेतृत्व में कमेटी सदस्यों ने निर्माण कार्य का जायजा लिया और खामियां मिलने पर मौके पर ही एचएसवीपी के कनिष्ठ अभियंता तथा ठेकेदार को बुलाया। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण में जहां-जहां लापरवाही सामने आई, वहां बिछाई गई इंटरलॉकिंग टाईलों को उखाड़कर दोबारा से निर्माण कराया गया। पार्षद सत्यप्रकाश छिकारा ने कहा कि सरकारी राशि से होने वाले विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। ठेकेदार को निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से नहीं किया गया तो मामले की शिकायत संबंधित उच्चाधिकारियों से की जाएगी। साथ ही लापरवाही मिलने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। वार्ड कमेटी ने निर्माण कार्य पूरा होने तक इसकी निगरानी जारी रखने की बात कही। मौके पर पहुंचे एचएसवीपी के जेई आशीष छिल्लर ने बताया कि जो शिकायत मिली थी उसे तुरंत दुरुस्त करवा दिया है। सड़क निर्माण में किसी तरह की कोताही नहीं बरतने दी जाएगी।