बहादुरगढ़। शहर के पुराना बस अड्डा स्थित रोडवेज वर्कशॉप परिसर में बुधवार को टायर में हवा भरते समय अचानक वाल्व निकलकर प्रशिक्षु की आंख में जा लगा। हादसे में उसकी बाईं आंख को गंभीर क्षति पहुंची है और रोशनी भी प्रभावित होने की बात कही जा रही है। गंभीर हालत में उसे पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। घटना से आहत साथी प्रशिक्षुओं ने वीरवार को एकत्रित होकर रोष प्रदर्शन किया और पीड़ित के लिए मुआवजे की मांग उठाई। घायल लाइनपार के विकास नगर निवासी निखिल पुत्र स्व. अशोक हैं। जानकारी के अनुसार, बुधवार को निखिल वर्कशॉप की टायर शॉप के बाहर टायर में हवा भर रहा था। इसी दौरान अत्याधिक दबाव के कारण अचानक झटके से वाल्व उसकी आंख में जा लगा। इससे उसकी आंख में गंभीर चोट आई। प्रदर्शन कर रहे प्रशिक्षु अजय, राहुल, अमरपाल, मोहित, मोहन और हर्ष सहित अन्य ने आरोप लगाया कि वे आईटीआई की डीएसटी नीति के तहत रोडवेज वर्कशॉप में अप्रेंटिस कर रहे हैं, लेकिन उनसे उनकी ट्रेड के बजाय दूसरे काम कराए जाते हैं। निखिल की ट्रेड इलेक्ट्रिशियन होने के बावजूद उसे जबरन टायर में हवा भरने और पंचर लगाने के काम में लगाया गया था। इसी वजह से वह हादसे का शिकार हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने पर हटाने की धमकी दी जाती है और जोखिम भरे कामों के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं हैं। प्रशिक्षु अजय ने बताया कि उसकी ट्रेड फिटर है, लेकिन पिछले एक साल से उससे टायर में हवा भरने का काम कराया जा रहा है। प्रशिक्षुओं का आरोप है कि हादसे के बाद वर्कशॉप इंचार्ज या अन्य जिम्मेदार अधिकारी मदद के लिए आगे नहीं आए। यार्ड मास्टर ने घायल की सहायता की। उन्होंने निखिल को उचित मुआवजा और उपचार सहायता देने, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने तथा सभी प्रशिक्षुओं से उनकी निर्धारित ट्रेड के अनुसार ही काम कराने की मांग की। साथ ही समय पर भत्ता देने की मांग भी उठाई। इस बारे में वर्कशॉप के सुपरवाईजर रामकुमार हुड्डा ने बताया कि आईटीआई प्रशिक्षुओं से काम लेना आईटीआई इंस्ट्रक्टर की ड्यूटी है। हमारे यहां हादसा जरूर हुआ है, लेकिन इसमें किसी को दोष देना उचित नहीं। प्रशिक्षुओं के आरोप बेबुनियाद हैं।