हिसार। मिल गेट रोड पर सीआईए टू के थाने के पास मंगलवार शाम को दो गुटों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान चाकू भी चले। इस झगड़े में दो युवक घायल हो गए। घायलों को सीआईए टू थाना पुलिस ने जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। साथ ही घायलों के साथ एक अन्य युवक को भी पकड़ा। उधर घायल युवक बिना एमएलआर कटवाए इलाज करवाकर वहां से चले गए। नई सब्जी मंडी चौकी इंचार्ज बिजेंद्र सिंह ने बताया कि अस्पताल की तरफ से कोई रुक्का नहीं आया है। कर्मचारी को अस्पताल भेजकर मामले की जानकारी ली जा रही है। मंगलवार शाम को मिल गेट स्थित जिंदल पार्क के पास दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। कुछ देर में ये लोग यहां से चले गए। इसके बाद ये दोनों गुट सीआईए टू थाने के पास पहुंचे। इस दौरान बाइक पर दो युवक थे जबकि ई रिक्शा में तीन-चार युवक थे। वहां स्थित मेडिकल स्टोर संचालक कपिल ने बताया कि यहां दोनों गुटों में कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच एक युवक ने चाकू निकालकर दूसरे युवक पर हमला कर दिया। वह बचने के लिए मेडिकल स्टोर में घुस गया लेकिन हमलावर युवक ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। स्टोर में घुसकर हमलावर ने उक्त युवक पर चाकू से कई वार किए। यह देखकर मौके पर काफी लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। ------------------ सीआईए थाने से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे सूचना पाकर सीआईए टू थाने के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। थाना इंचार्ज जगदीश ने बताया कि इस झगड़े में एक युवक के सिर में चोट लगी हुई थी तो दूसरे के कमर में चाकू लगा हुआ था। दोनों घायलों को उन्होंने जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। इसके अलावा उनके साथ एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया है। अब संबंधित चौकी इस मामले की जांच कर रही है। ---------------- सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई घटना यह पूरी घटना मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक दूसरे युवक पर तेजधार हथियार से हमला करता नजर आ रहा है। इस दौरान स्टोर संचालक हमलावर युवक को रोकने का प्रयास भी करता है।