कष्ट निवारण समिति में उठी शिकायत पर 72 घंटे से पहले हुआ काम, मंत्री ने तीन दिन में समाधान नहीं होने पर कार्रवाई की दी थी चेतावनी हांसी। कष्ट निवारण समिति की बैठक में उठी पानी की पाइपलाइन की समस्या का जनस्वास्थ्य विभाग ने 72 घंटे पूरे होने से पहले ही समाधान कर दिया। समिति में शिकायत सामने आने के बाद विभाग के अधिकारियों ने तीन दिनों में समस्या दूर करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद जांगड़ा धर्मशाला के पास पानी की पाइपलाइन का काम पूरा कर दिया गया। मामला एमटी तालाब के सामने जांगड़ा धर्मशाला के पास का है। कष्ट निवारण समिति में शिकायतकर्ता प्रवेश जांगड़ा ने शिकायत नंबर छह के तहत पानी की पाइपलाइन से संबंधित समस्या उठाई थी। इस पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने अधिकारियों को तीन दिन में समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि यदि तीन दिन में समाधान नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जनस्वास्थ्य विभाग के जेई विक्रम कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से समस्या का समाधान कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि दिए गए समय से पहले ही पाइपलाइन का काम पूरा कर लोगों को राहत दी गई है। वहीं मोहल्ले के निवासी सतपाल तायल ने जनस्वास्थ्य विभाग का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि विभाग ने आश्वासन के अनुसार 72 घंटे पूरे होने से पहले ही पानी की पाइपलाइन का काम कर दिया, जिससे लोगों को राहत मिली है। वहीं जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी ने कहा कि शहरवासियों को किसी तरह की समस्या नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग ने तय समय से पहले ही पाइपलाइन की समस्या का समाधान कर दिया है और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार काम कर रहा है।