हांसी। सेक्टर-6 स्थित एक मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात का हांसी पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। हांसी के डीएसपी अक्षय कुमार ने बताया कि थाना शहर हांसी में चोरी की धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता संजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 13 सितंबर की देर रात उसके मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। शिकायत के अनुसार, चोर मकान से करीब 60 तोला सोना, 620 ग्राम चांदी और 2.50 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। मामले की जांच पुलिस हांसी द्वारा की जा रही है। पुलिस टीम ने वारदात की कड़ियां जोड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सामने आया कि वारदात से पहले दो युवकों ने मकान की रेकी की थी। इसके बाद दोनों युवक मकान में दाखिल हुए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान करते हुए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस ने उषा निवासी हांसी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि उषा ने चोरी के सामान में से कुछ सामान अपने मकान में छिपाकर रखा था। इसके अलावा वारदात के बाद उसने दोनों आरोपियों को अपनी स्कूटी पर हांसी बस स्टैंड तक छोड़ा था। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 20 से 22 तोला सोने के आभूषण, करीब 250 ग्राम चांदी नुमा धातु और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। बरामद आभूषणों की शिकायतकर्ता और सुनार की मौजूदगी में शिनाख्त भी करवाई गई। पुलिस ने आरोपी महिला को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में शामिल दोनों अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान की जा चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।