धान की खरीद का सीजन शुरू होते ही मंडियों में किसानों की आवाजाही बढ़ गई है। किसान अपनी फसल लेकर मंडी पहुंच रहे हैं, लेकिन गैर-बासमती यानी परमल धान के भाव और खरीद को लेकर किसानों की चिंता सामने आ रही है। किसानों का कहना है कि 1509 धान उन्हें 4011 रुपये प्रति क्विंटल तक का भाव मिला है, लेकिन परमल धान की खरीद को लेकर स्थिति संतोषजनक नहीं है। मंडी में धान लेकर पहुंच रहे किसानों का कहना है कि उनकी मेहनत की फसल का उचित भाव मिलना चाहिए। किसान जयबीर सिंह गांव मेहंदा निवासी ने बताया कि 1509 धान 4011 रुपये प्रति क्विंटल के भाव में बिका है। लेकिन परमल यानी गैर-बासमती धान को लेकर किसानों को परेशानी हो रही है। किसान का कहना है कि परमल धान की खरीद समर्थन मूल्य पर होनी चाहिए। उनकी मांग है कि सरकार इस धान की भी उचित भाव पर खरीद सुनिश्चित करे। किसान के मुताबिक मंडी में परमल धान खरीदने के लिए राइस मिलर भी नजर नहीं आ रहे। सरकार ने परमल यानी गैर-बासमती धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। ऐसे में किसानों की मांग है कि उन्हें निर्धारित समर्थन मूल्य के अनुसार खरीद की सुविधा मिले। वहीं, मंडी प्रधान हरिकेश सिंगला ने कहा कि मंडी में धान की खरीद उचित भाव पर हो रही है। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार समर्थन मूल्य पर किसानों का दाना-दाना खरीद करेगी। फिलहाल मंडी में धान की आवक लगातार जारी है। किसानों की नजर इस बात पर है कि परमल यानी गैर-बासमती धान की खरीद समर्थन मूल्य पर कितनी प्रभावी तरीके से होती है और किसानों को उनकी फसल का उचित भाव मिल पाता है या नहीं।