हांसी। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते हांसी शहर और आसपास के गांवों में बिजली संकट गहरा गया है। 21 अक्टूबर की रात 10 बजे से शुरू हुई बिजली की समस्या ने 23 अक्टूबर को विकराल रूप ले लिया। कल शाम 6 बजे तक आधा शहर अंधेरे में डूब गया, जबकि कल शाम 7 बजे तक पूरे शहर में ब्लैकआउट जैसी स्थिति बन गई। शहर के साथ-साथ गांवों में भी बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। बिजली संकट के कारण लोगों को केवल अंधेरे की ही नहीं, बल्कि पानी की किल्लत और ऑनलाइन परीक्षाओं में बाधा जैसी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने से पानी की सप्लाई प्रभावित हुई, महिला केलापति एवं सीमा ने बताया कि घरों में रोजमर्रा के कामकाज करना मुश्किल हो गया। वहीं, ऑनलाइन परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को भी बिजली और इंटरनेट से जुड़ी परेशानियों के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हांसी सेक्टर प्रधान शशीकांत यादव ने बताया कि4बिजली गुल होने के कारण रात के समय लोगों की परेशानी और बढ़ गई। पंखे बंद रहने से गर्मी और उमस के बीच लोगों को रात काटनी मुश्किल हो गई। ऊपर से मच्छरों के आतंक ने लोगों की नींद उड़ा दी। कई परिवार रातभर परेशान रहे। लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों के सामने दैनिक जरूरतें पूरी करने की चुनौती खड़ी हो गई है। बिजली संकट का असर शहर के बाजारों और कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है। जिन दुकानों पर पहले कल रात 10 बजे तक ग्राहकों की आवाजाही रहती थी, कल शाम 6 बजे ही बंद होने लगी हैं। बिजली पर निर्भर दुकानदारों का काम प्रभावित हो रहा है और बाजारों में भी शाम होते ही सन्नाटा छाने लगा है।