हांसी में पुलिस ने जींद रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से 1 करोड़ 56 लाख 49 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद की है। कार में सवार तीन व्यक्ति नकदी के स्रोत से संबंधित संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और न ही आवश्यक दस्तावेज पेश कर पाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आयकर अन्वेषण निदेशालय, रोहतक को जांच के लिए पत्र भेजा है। डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि बीती मध्यरात्रि जींद रोड पर विशेष नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान जींद बाईपास की तरफ से आ रही सफेद रंग की किया कार को रोककर तलाशी ली गई। इंस्पेक्टर सुनीता के नेतृत्व में की गई तलाशी के दौरान कार में रखे दो बैगों से 1 करोड़ 56 लाख 49 हजार 500 रुपये बरामद हुए। कार में सवार व्यक्तियों की पहचान सिरसा निवासी मोहित, फतेहाबाद निवासी साहब सिंह और सिरसा निवासी सुरेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फरीदाबाद से नकदी लेकर सिरसा जा रहे थे। शुरुआत में उन्होंने रकम प्लॉट खरीदने के लिए होने की बात कही, जबकि बाद में स्क्रैप कारोबार से जुड़े होने की बात बताई। नकदी के संबंध में आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखा पाने के कारण पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। डीएसपी दिनेश कुमार के अनुसार, नकदी के स्रोत और लेन-देन की जानकारी जुटाने के लिए आयकर अन्वेषण निदेशालय, रोहतक को पत्र भेजा गया है। मामले में आगामी कार्रवाई अनाज मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार कर रहे हैं। अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई, इसका वास्तविक उद्देश्य क्या था और इसे सिरसा क्यों ले जाया जा रहा था। पुलिस और आयकर विभाग की जांच के बाद ही मामले से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।