हिसार। 7वीं एलीट महिला हरियाणा राज्य बॉक्सिंग चैंपियनशिप में विश्व और एशियाई चैंपियन व अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित स्वीटी बूरा ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जीवन में कितनी भी मुश्किलें आएं, कभी हार नहीं माननी चाहिए। लगातार प्रयास करने वालों को एक दिन सफलता जरूर मिलती है। स्वीटी ने बताया कि मैं वर्ष 2009 से बॉक्सिंग कर रही हूं। इससे पहले कबड्डी खेलती थी और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची थी। मेरे पिता चाहते थे कि मैं किसी व्यक्तिगत खेल में अपना करियर बनाऊं। उन्हें भी खेलों में रुचि रही है। वह कबड्डी खेलते थे और बास्केटबॉल टीम के कप्तान भी रह चुके हैं। मेरे माता-पिता ने हमेशा मेरा साथ दिया। बॉक्सिंग मेरा शौक था, इसलिए मैंने इसे अपना भविष्य बनाने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि आज लड़कियों को बड़ी संख्या में बॉक्सिंग में आते देखकर अच्छा लगता है। लड़कियों को अपने रूप-रंग के बजाय करियर को प्राथमिकता देनी चाहिए। पिछले कुछ समय में मेरे जीवन में भी कठिन परिस्थितियां आईं, लेकिन बॉक्सिंग ने मुझे बुरे वक्त से बाहर निकलने की ताकत दी। अब मैं राष्ट्रीय और विश्व चैंपियनशिप की तैयारी कर रही हूं।