हांसी।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक सिद्धार्थ यादव के अभिनंदन समारोह का आयोजन 25 अक्टूबर को हांसी में किया जाएगा। उनके आगमन को लेकर आयोजकों की ओर से विशेष तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में सर्वसमाज के लोगों की बड़ी भागीदारी रहने की संभावना है। जिला पार्षद यावेंद्र यादव ने बताया कि सिद्धार्थ यादव हांसी पहुंचने पर राजा राव तुलाराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करेंगे। इसके बाद सैकड़ों मोटरसाइकिलों और खुली जीप के साथ काफिला निकाला जाएगा। काफिले के साथ उन्हें जींद चौक स्थित सुभाष ड्रामाटिक क्लब तक लाया जाएगा, जहां अभिनंदन समारोह आयोजित होगा। समारोह के निवेदक मंजीत सिंह जमावड़ी ने बताया कि सुभाष ड्रामाटिक क्लब में दोपहर 12 बजे कार्यक्रम शुरू होगा। इस दौरान सिद्धार्थ यादव का अभिनंदन किया जाएगा और आमजन के साथ जनसंवाद भी होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में सर्वसमाज के लोगों की बड़ी भागीदारी रहेगी। मंजीत सिंह जमावड़ी ने क्षेत्रवासियों से समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोगों की गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएगी। आयोजकों की ओर से सर्वसमाज के लोगों को समारोह में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया गया है।