यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्ती जारी है। यातायात थाना टोहाना पुलिस ने मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले तीन बुलेट मोटरसाइकिल चालकों पर कार्रवाई की है। पुलिस ने तीनों चालकों के 10-10 हजार रुपये के चालान किए हैं। कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। यातायात थाना प्रभारी अजमेर सिंह ने बताया कि पुलिस लगातार नियम तोड़ने वालों पर नजर रख रही है। जांच के दौरान तीन बुलेट चालक मोडिफाइड साइलेंसर से तेज धमाके जैसी आवाज निकालते पकड़े गए। इस पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज निकालने वाले वाहनों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण बढ़ाते हैं और आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं, विशेषकर बुजुर्गों व बच्चों को दिक्कत होती है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे बाइक में अवैध मॉडिफिकेशन न करवाएं और यातायात नियमों का पालन करें। नियम तोड़ने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।