फतेहाबाद। प्रदेश की भाजपा सरकार जनहित और कर्मचारियों के हितों को ताक पर रखकर बिजली विभाग को निजी हाथों में सौंपने की साजिश रच रही है। गुरुग्राम और नूंह जिलों में निजी कंपनी ‘इलेवन पावर’ को 25 वर्षों के लिए समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देने का फैसला पूरी तरह से कर्मचारी विरोधी और जनविरोधी है। हम सरकार की इस तानाशाही नीति को किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देंगे। इनेलो बिजली कर्मचारियों के इस संघर्ष में पूरी ताकत से उनके साथ खड़ी है। यह बात इनेलो की महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने शुक्रवार को फतेहाबाद के भट्टू रोड स्थित बिजली घर में दूसरे दिन भी जारी बिजली कर्मचारियों की हड़ताल को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इनेलो नेता व कार्यकर्ता भागीराम सोनी की दुकान पर एकत्रित हुए। वहां से जिलाध्यक्ष बिकर सिंह हड़ौली और सुनैना चैटाला के नेतृत्व में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए रेड लाइट के नजदीक स्थित बिजली घर पहुंचे और धरने पर बैठे कर्मचारियों को अपना पूर्ण समर्थन दिया।