टोहाना। बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर सिख समुदाय का 7 दिवसीय सांकेतिक धरना शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। यह धरना 27 अगस्त से 2 सितंबर तक समस्त भाईचारे की ओर से दिया जा रहा है। इस दौरान बंदी लोगो की रिहाई के लिए नारेबाजी भी की गई। धरने का नेतृत्व कर रहे कुलविंद्र सिंह ने कहा कि देश की विभिन्न जेलों में कई सिख बंदी सजा पूरी होने के बावजूद जेलों में बंद हैं। लंबे समय से उनकी रिहाई की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार कोई ठोस फैसला नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक समुदाय की नहीं, बल्कि इंसाफ की लड़ाई है। उन्होंने सरकार से मानवीय आधार पर बंदी सिखों की जल्द रिहाई की अपील की। शनिवार को धरने पर बड़ी संख्या में संगत पहुंची और समर्थन दिया। इससे पहले शुक्रवार को पगड़ी संभाल जट्टा संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष मनजीत सिंह पूर्नमाजरा समर्थकों सहित पंहुचे। आयोजकों ने बताया कि 2 सितंबर को धरना समाप्ति के बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा।