भट्टू रोड पर स्कूटी सवार युवतियों को बचाने के प्रयास में एक स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। गाड़ी पलटने के दौरान सड़क के डिवाइडर पर लगा खंभा भी टूट गया। पलटने के बाद गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो गाड़ी भट्टू की तरफ से फतेहाबाद आ रही थी। इसी दौरान भट्टू रोड पर स्कूटी सवार युवतियां सामने आ गईं। उन्हें बचाने के चक्कर में चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे स्कॉर्पियो सड़क पर पलट गई। हादसे के दौरान गाड़ी डिवाइडर से जा टकराई और वहां लगा खंभा भी टूट गया। अचानक हुए इस हादसे से सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गाड़ी को पलटा देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे के कारण सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।