रतिया। गांव बलियाला में बुधवार को बस स्टैंड के पास चौपाल में ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक में गांव की दुकानों पर कथित तौर पर नशीली गोलियां, चिट्टा और कैप्सूल आदि की बिक्री होने तथा युवाओं और स्कूली बच्चों के नशे की चपेट में आने पर चिंता जताई गई। ग्रामीणों ने इस मामले में गुरुवार को फतेहाबाद पहुंचकर एसपी से मिलने और नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया। बैठक में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में नशा आसानी से उपलब्ध होने के कारण युवा और बच्चे इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं। नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर कुछ युवा चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिससे गांव में चोरी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे पहले भी पुलिस से शिकायत कर नशे की बिक्री पर रोक लगाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण समस्या बनी हुई है। बैठक में गांव ब्राह्मणवाला से पहुंचे निहंग सिखों ने भी ग्रामीणों को नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने नशा बेचने वालों से नशे की बिक्री बंद करने की अपील की और ग्रामीणों से भी नशे के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। इस मौके पर रिछपाल कौर, देवेंद्र कौर, कुलविंद्र कौर, समाजसेवी नितिश मलिक, लवली बलाना, रमेश मलिक, कुलवंत सिंह, विक्की, रविंद्र कंबोज, भगवान दास कंबोज, गुरप्रीत कौर, हरजीत कौर, अमरजीत कौर सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि गुरुवार को एसपी से मिलकर नशे की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने और कथित रूप से नशा बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी। सदर थाना प्रभारी शीशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस लगातार क्षेत्र में नशा तस्करों पर कार्रवाई कर रही है और ग्रामीण अगर उन्हें सूचना देंगे तो उन नशा तस्करों पर भी कार्रवाई करेंगे।