फतेहाबाद। शहर के एमएम कॉलेज में शुक्रवार को अचानक धमाकों की आवाज से हड़कंप मच गया। धमाकों के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हर तरफ भगदड़ और चीख-पुकार दिखाई दी। हालांकि, यह कोई वास्तविक हादसा नहीं, बल्कि आपदा प्रबंधन को लेकर आयोजित मॉक ड्रिल का हिस्सा था। होमगार्ड विभाग के इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि डीजी होमगार्ड के निर्देश पर कॉलेज में आपदा प्रबंधन अभ्यास आयोजित किया गया। इस दौरान करीब 12 विद्यार्थियों को घायल दर्शाकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। बचाव दल ने आपात स्थिति में घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया। मॉक ड्रिल के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि भूकंप, आगजनी या अन्य किसी आपदा के समय किस तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचना चाहिए। साथ ही, घबराने की बजाय सावधानी और सूझबूझ से काम लेने के तरीके भी समझाए गए। - एसडीएम राजेश कुमार ने कहा कि लोगों को आपदा के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर ऐसे अभ्यास करवाए जाते हैं। इनका उद्देश्य वास्तविक आपदा के समय जान-माल के नुकसान को कम करना और लोगों को स्वयं के साथ दूसरों की जान बचाने के लिए तैयार करना है।