फतेहाबाद। दिवाली पर्व के मद्देनजर लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। वीरवार को विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी (एफएसओ) रवि राठी ने शहर की अलग-अलग मिठाई की दुकानों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के कुल 10 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। विभाग की टीम ने दुकानों से खोया, गुलाब जामुन, मिल्क केक, खोया बर्फी, रसगुल्ला, मूंग दाल बर्फी और काजू कतली के नमूने एकत्रित किए। इन सैंपलों की प्रयोगशाला में जांच करवाई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही मिठाइयों की गुणवत्ता और उनमें मिलावट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जांच में नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - गौरतलब है कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। नागरिक अस्पताल के विशेषज्ञ डॉ.मनीष टुटेजा का कहना है कि मिलावटी मावे और नकली रंगों से बनी मिठाइयों का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे पेट दर्द, उल्टी-दस्त, फूड पॉइजनिंग और एलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। वहीं, लंबे समय तक मिलावटी खाद्य पदार्थों का सेवन शरीर के विभिन्न अंगों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि मिठाइयां खरीदते समय गुणवत्ता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।