फतेहाबाद। जिला मुख्यालय पर स्थित लघु सचिवालय में वीरवार को रतिया की नगरपालिका चेयरपर्सन प्रीति खन्ना के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बिना किसी वोटिंग के ही खारिज हो गया व चेयरपर्सन अपनी कुर्सी बचाने में पूरी तरह कामयाब रहीं। लघु सचिवालय में अविश्वास प्रस्ताव पर एडीसी एवं चुनाव अधिकारी अनुराग ढालिया की मौजूदगी में मतदान की प्रक्रिया संपन्न होनी तय की गई थी, जिसके लिए प्रशासन द्वारा तमाम तैयारियां भी पूरी कर ली गई थीं। हालांकि, तय समय तक एक भी पार्षद मौके पर वोट डालने के लिए नहीं पहुंचा। पार्षदों की अनुपस्थिति के कारण अविश्वास प्रस्ताव अपने आप ही गिर गया, जिसके साथ ही प्रीति खन्ना की कुर्सी पूरी तरह सुरक्षित हो गई। अविश्वास प्रस्ताव को लेकर जानकारी देते हुए एडीसी अनुराग ढालिया ने बताया कि प्रशासन की ओर से पूरी तैयारियां की गई थी, लेकिन कोई पार्षद वोट करने नहीं पहुंचा था।