अलीका गांव स्थित गुरुद्वारा श्री अकालगढ़ साहिब में गुरुद्वारे के बर्तन लेने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला दो पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए सदर थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, वीरवार शाम ढाणी अलीका निवासी लखविंदर सिंह घर में आयोजित कार्यक्रम के लिए गुरुद्वारे से बर्तन लेने पहुंचा था। बताया गया है कि बर्तनों की गिनती को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। एक पक्ष का आरोप है कि इस दौरान गुरुद्वारे के ग्रंथी बाबा भजन सिंह ने लखविंदर सिंह पर जातिसूचक टिप्पणी की तथा आगे से उनके समाज को बर्तन या अन्य सामान नहीं देने की बात कही। श्री साहिब से हमला करने का लगाया आरोप शुक्रवार को समुदाय के लोगों ने एकत्र होकर आरोप लगाया कि विवाद के बाद लखविंदर सिंह कमेटी से बात करने के लिए दोबारा गुरुद्वारे पहुंचा था। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और आरोप है कि ग्रंथी ने श्री साहिब निकालकर लखविंदर पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गया। समुदाय के लोगों ने मामले को धार्मिक रंग देने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। जत्थेदार बाबा भगत सिंह ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में मारपीट की घटना दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि मामले को बेअदबी या धार्मिक विवाद का रूप नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। कमेटी ने ग्रंथी पर हमला करने का लगाया आरोप वहीं, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान रोही राम और गुरप्रीत ने आरोप लगाया कि लखविंदर बर्तन लेने आया था। बर्तन गिनने में गलती होने पर ग्रंथी ने उसे टोका, जिसके बाद वह नाराज होकर चला गया। कुछ देर बाद वह कुछ युवकों के साथ गुरुद्वारे के बाहर पहुंचा और ग्रंथी के साथ मारपीट की। कमेटी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को शिकायत दी है। दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच जारी सदर थाना प्रभारी शीशपाल ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पुलिस को मिली है। पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के प्रयास में जुटी है।