भिवानी। निक्षय मित्र एवं पालेराम चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक सुरेंद्र सभ्रवाल ने गोद लिए गए टीबी मरीजों की संख्या 5 से बढ़ाकर 10 कर दी है। मंगलवार को चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान इन सभी मरीजों को पोषण किट वितरित की गई। यह कार्यक्रम हनुमान जोहड़ी मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिला स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को संबल प्रदान करना और समाज से टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म करना है। इस अवसर पर पालेराम चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक एवं निक्षय मित्र सुरेंद्र सभ्रवाल ने कहा कि सही और संतुलित पोषण से मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है, जिससे दवाइयां शरीर पर तेजी से और प्रभावी असर करती हैं। हमारा उद्देश्य केवल पोषण किट देना भर नहीं है, बल्कि मरीजों के मन में यह अटूट विश्वास जगाना है कि वे इस बीमारी से लड़ाई में अकेले नहीं हैं। पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। उन्होंने यह भी संकल्प किया कि टीबी मुक्त भारत के अभियान में अपना सहयोग निरंतर जारी रखेंगे। इस अवसर पर डॉ. रश्मि, संदीप एसए, रीतू टीबीएचवी, प्रवीण, सुधीर, ललित, अमित, भगवत कौशिक मौजूद रहे।