फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

माइंड फोग बीमारी नहीं, जीवनशैली में असंतुलन का परिणाम : जीवन राव

भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के पुराने परिसर स्थित राधाकृष्णन सभागार में योग एवं नेचुरोपेथी विभाग द्वारा वीरवार को 'सुपर ब्रेन पावर' विषय पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंध्रप्रदेश से विशेष वक्ता के रूप में पहुंचे जीवन राव ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय के योग से जुड़े विद्यार्थियों और शैक्षणिक स्टाफ को ब्रेन पावर और योग से जुड़ी आधुनिक व प्राचीन तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों ने गहरी रुचि दिखाई और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कई सवाल पूछे। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण का केंद्र एमएससी योग प्रथम सत्र की छात्रा कल्पना द्वारा पूछा गया सवाल रहा। छात्रा ने वक्ता से 'माइंड फॉग' (मानसिक धुंधलापन) की समस्या और उसके समाधान को लेकर प्रश्न किया। इस पर वक्ता जीवन राव ने बताया कि आज की तेज रफ्तार जिंदगी में यह समस्या युवाओं में तेजी से बढ़ रही है। वक्ता जीवन राव ने बताया कि माइंड फॉग कोई गंभीर बीमारी नहीं है, बल्कि यह अत्यधिक मानसिक तनाव, खानपान की गड़बड़ी और जीवनशैली में असंतुलन का परिणाम है। इस स्थिति से जूझ रहे व्यक्ति को किसी भी कार्य में ध्यान केंद्रित करने में परेशानी होती है, याददाश्त कमजोर होने लगती है और मानसिक स्पष्टता का अभाव रहता है। स्क्रीन पर अत्यधिक समय बिताना और नींद पूरी न होना इसके प्रमुख कारणों में शामिल हैं। इसके अलावा सुपर ब्रेन योग के बारे में उन्होंने बताया कि यह एक विशेष तकनीक है, जिसमें कानों के निचले हिस्सों को पकड़ कर उठक-बैठक की जाती है। यह मस्तिष्क के दोनों गोलार्धों को सक्रिय और संतुलित करती है, जिससे तुरंत एकाग्रता बढ़ती है। नाड़ी शोधन प्राणायाम मस्तिष्क की कोशिकाओं तक ऑक्सीजन का संचार बेहतर करता है, जिससे विचारों में स्पष्टता आती है। इसके बाद सेमिनार में मौजूद सभी विद्यार्थियों व स्टाफ सदस्यों ने सुपर ब्रेन पावर योग किया। इस अवसर पर डीन यूथ वेलफेयर डॉ. सुरेश मलिक, डॉ. सुनील भारद्वाज, डॉ. शारदा कालरा, डॉ. नवीन मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें