हरियाणा गौ सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग बुधवार को भिवानी की श्री गौशाला पहुंचे। यहां आयोजित गौ सेवा आयोग की विशेष बैठक में उन्होंने जिलेभर से आए गौसेवकों के साथ संवाद किया। कार्यक्रम का शुभारंभ गौशाला प्रांगण में पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर गौशाला प्रबंधन समिति ने बेसहारा व घायल गोवंश के संरक्षण को लेकर एक बड़ी घोषणा की। बैठक को संबोधित करते हुए चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग ने कहा कि भिवानी की इस पावन गौ भूमि पर आना उनका सौभाग्य है। उन्होंने भिवानी के गौसेवकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यदि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक इसी सेवा भाव से जुड़ जाए तो कोई भी गोवंश बेसहारा नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के अनुसार हरियाणा सरकार ऐसी ठोस नीति तैयार कर रही है, जिससे आगामी एक वर्ष के भीतर राज्य में सड़कों पर घूम रहे सभी बेसहारा गोवंश के लिए रहने, चारे व देखभाल की समुचित व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान श्री गौशाला भिवानी के प्रधान मीनू अग्रवाल ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सड़कों पर लावारिस घूम रहे अथवा दुर्घटनाग्रस्त गोवंश को गौशाला लाने पर किसी भी व्यक्ति से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। गौशाला प्रबंधन ऐसे सभी गोवंश के उपचार, रहने और चारे का संपूर्ण खर्च स्वयं वहन करेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे लावारिस या घायल गोवंश को गौशाला तक पहुंचाने में सहयोग करें। गौ भक्तों और स्थानीय नागरिकों ने आयोग के इस संकल्प और गौशाला प्रबंधन की इस पहल की सराहना की।