भिवानी। लोहारू बिजली निगम कार्यालय परिसर में बिजली कर्मचारियों द्वारा पैरेलल लाइसेंस देने के विरोध में गेट मीटिंग कर धरना-प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता संयुक्त साझा मोर्चा के सभी यूनिटों के प्रधानों ने की। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ रोष जताते हुए 11 पावर कंपनी को दिए गए लाइसेंस के फैसले को वापस लेने की मांग की। धरने को संबोधित करते हुए सब अर्बन यूनिट के प्रधान, एचएसइबी सब-अर्बन ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन यूनिट के सचिव विकास शर्मा, एवीकेएसएच के सब-यूनिट प्रधान विकास जांगड़ा तथा एससी, बीसी, एसटी यूनियन के प्रधान नरेंद्र कालिया ने कहा कि सरकार को समय रहते बिजली क्षेत्र में निजी कंपनियों को पैरेलल लाइसेंस देने का फैसला वापस लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोडवेज और अन्य क्षेत्रों में निजीकरण को बढ़ावा देकर हर वर्ग के हितों को नुकसान पहुंचा रही है।